गाजियाबाद। मोदीनगर के अबूपुर में 10 बीघे में अवैध प्लॉटिंग के लिए बनाई जा रही सड़क को जीडीए की टीम ने जेसीबी चलवाकर ध्वस्त करा दिया। टीम ने सड़क को खोद दिया और प्लॉटिंग के लिए बनाई जा रही चहारदीवारी को तोड़ दिया। विकासकर्ता के साइट ऑफिस को भी ढहा दिया।
जीडीए के अधिशासी अभियंता पीयूष सिंह ने बताया कि बिना नक्शा स्वीकृत कराए विकासकर्ता अरुण कुमार, हिमांशु व अनुज चौधरी मोदीनगर आईटीआई के पास खसरा संख्या 592 पर लगभग 10 बीघे क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग के लिए सड़क पर मिट्टी भराई कर खड़ंजा लगाने का काम करा रहे थे। टीम ने जब जब जेसीबी लगाकर अवैध निर्माण को ढहाने का काम शुरू किया तो उन लोगों की ओर से विरोध किया गया, लेकिन पुलिस व प्राधिकरण प्रवर्तन दस्ते ने डंडा फटकार कर विरोध कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। विकासकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी गई कि बिना अनुमति निर्माण किया गया तो किसी को बक्शा नहीं जाएगा। अवैध निर्माण को तोड़ दिया जाएगा।