मोदीनगर। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के जोन- दो में मोदीनगर के बिसोखर गांव में अंकुर नेहरा द्वारा 14 बीघा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर जीडीए की टीम ने सोमवार को बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया, मगर पुलिसबल ने उन्हें हटाकर शांत करा दिया।
जीडीए से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की जा रही कॉलोनी में भूखंडों की बाउंड्रीवाल कर दी गई थी और सड़क का जाल बिछा दिया गया था। इसके अलावा अवैध कॉलोनी का विद्युतीकरण भी कर दिया गया था।
प्रभारी प्रवर्तन जोन-2 के नेतृत्व सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता सुनील कुमार व सचिन अग्रवाल और पुलिसबल के साथ जीडीए का दस्ता बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचा और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। पीयूष सिंह ने लोगों से अपील की अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रही काॅलोनी में भूखण्डों का क्रय, विक्रय न करें।