गाजियाबाद। मुरादनगर में पाइपलाइन मार्ग पर सरना और नवीपुर गांव में सोमवार को जीडीए ने ऑपरेशन क्लीन के तहत करीब 75 बीघे में विकसित की जा रही कॉलोनी को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान अवैध निर्माण करने वाले विकासकर्ताओं ने विरोध भी किया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल और प्रवर्तन विभाग की टीम ने स्थिति को काबू में कर लिया।
जीडीए वीसी ने अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सोमवार को अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में जीडीए टीम मुरादनगर पहुंची थी। अपर सचिव ने बताया कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के लिए ऑपरेशन क्लीन का नाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि सरना गांव में पिछले दिनों अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद मौके पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी लेकिन दोबारा से निर्माण की शिकायत मिलने पर टीम पहुंची और कार्रवाई की गई। बताया कि पाइपलाइन मार्ग पर विकासकर्ता अरुण चौधरी द्वारा खसरा संख्या 27 ग्राम नवीपुर में लगभग 27 बीघे क्षेत्रफल में मिट्टी भराई और सड़कों के लिए इंटरलाकिंग का काम किया जा रहा था। वहीं, सरना में खसरा नंबर 1308, 1256-1258, 1273-1275 में आजाद द्वारा लगभग 50 बीघे क्षेत्रफल में सड़कों के लिए चहादीवारी का निर्माण और मिट्टी भराई का काम किया जा रहा था। अपर सचिव ने बताया कि सड़क, बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस और दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंताओं समेत प्राधिकरण पुलिस बल व प्राधिकरण प्रवर्तन दस्ते के कर्मचारी मौजूद रहे।