गाजियाबाद। जीडीए को 81,400 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। बृहस्पतिवार को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर जीडीए वीसी ने कहा कि प्राधिकरण लक्ष्य के सापेक्ष अपने संसाधनों से 82 हजार पौधे अपनी योजनाओं में लगाएगा। इस मौके पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने जीडीए परिसर में पौधरोपण कर संरक्षण और संवर्धन की शपथ ली।
जीडीए सचिव राजेश कुमार, मुख्य अभियंता व अन्य अधिकारियों ने भी परिसर में अशोक का पौधा लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी ने शपथ ली कि मैं प्राकृतिक पर्यावरण जिसके अन्तर्गत वन, झील, नदी व वन्य जीव हैं की रक्षा करुंगा। वीसी ने सभी को निर्देशित किया कि पर्यावरण सुधार से जुड़े कार्यक्रम भू-जल संरक्षण (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) प्राकृतिक झीलों का सुधार, वन्य जीवों की रक्षा, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, अत्याधिक एवं सघन वृक्षारोपण, वृक्षों का कटान रोकना, ध्वनि और निर्माण कार्याें को इस प्रकार किया जाए, जिससे धूल व अन्य प्रदूषणकारी तत्वों को रोका जा सके।