हम तुम रोड की टूटी हुई सड़क। संवाद
गाजियाबाद। हम-तुम रोड निवासियों की मुहिम रंग लाई। बुधवार से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण गड्ढों को भरने का काम शुरू करेगा। निवासियों के चंदा जुटाने के अभियान के बाद विभाग जागा। इसके बाद लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली है।
हम-तुम रोड की खबर अमर उजाला ने छह फरवरी के अंक में प्रकाशित की थी। इसके बाद चंदा जुटाकर सड़क बनाने की खबर भी सोमवार को प्रकाशित की गई। अब जाकर जीडीए की नींद टूटी और वह बुधवार से गड्ढे भरने जा रहा है। निवासी सुरेश प्रसाद का कहना है कि विभाग जागा, इससे खुशी तो हो रही है, लेकिन पिछली बार भरे गए गड्ढे एक महीने में ही उखड़ गए थे। दिन-रात डंपर चलने के कारण सड़क बदहाल हो गई थी। संजय अग्रवाल का कहना है कि साइड में नाला ओवरफ्लो होने के कारण उसका गंदा पानी सड़क पर आ जाता है। इससे गिट्टियां और बदरपुर बैठ जाते हैं। विभाग रोलर चलवाकर उसे प्लेन भी करवा दें, तब बात बने। भूपेंद्र का कहना है कि अधिकारियों की उदासीनता मुख्यमंत्री के गड्ढा मुक्त प्रदेश का मजाक उड़ा रही है। अब गड्ढे भर जाएं, तब राहत मिले। इस संबंध में जीडीए मीडिया प्रभारी रुद्रेश शुक्ला का कहना है कि गड्ढे भरने का काम बुधवार से शुरू कर दिया जाएगा।