गाजियाबाद। कविनगर रामलीला मैदान में बने ऑडिटोरियम को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने बुधवार को कब्जे में ले लिया। मामले में पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर ने प्राधिकरण से शिकायत की थी, जिसमें ऑडिटोरियम में अवैध बुकिंग करने का आरोप लगाया गया था। जीडीए सचिव ने जांच के बाद कविनगर की रामलीला समिति को पत्र लिखकर जवाब मांगा था। इसी क्रम में यह कार्रवाई करना माना जा रहा है। हालांकि विकास प्राधिकरण के अधिकारी इसे लेकर बात नहीं कर रहे हैं। धार्मिक रामलीला समिति के महामंत्री भूपेंद्र चोपड़ा ने बताया कि इस भवन में सामाजिक और सरकारी कार्यक्रम होते हैं। यहां कोई व्यावसायिक बुकिंग नहीं होती है।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव विवेक मिश्र से 30 मई 2026 को रामलीला समिति को लिखे पत्र में कहा था कि 16 नवंबर 2025 को मैदान में काफी गंदगी थी। यहां होने वाले कार्यक्रम के बारे में प्राधिकरण को सूचना नहीं दी गई थी। इसके अलावा ऑडिटोरियम को लेकर पत्र में 17 नवंबर 2025 को ऑडिटोरियम में कार्यक्रम होते हुए मिला। इसके बारे में भी प्राधिकरण के पास कोई जानकारी नहीं थी। जबकि पूर्व में सूचनाएं दी जाती रही हैं। इसे लेकर समिति से जवाब मांगा गया था। इसी कड़ी में यह कार्रवाई बताई जा रही है। इस कार्रवाई के संबंध में अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने प्राधिकरण की संपत्ति बताया हालांकि इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।