गाजियाबाद। जिले में 28 जून से प्रस्तावित नए पोलियो अभियान की तैयारियां शुरू हो गई हैं, लेकिन पिछली ड्यूटी का भुगतान लंबित होने से स्वास्थ्यकर्मियों में नाराजगी बढ़ रही है। दिसंबर 2025 में संचालित पोलियो अभियान में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों का आरोप है कि अब तक उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इसको लेकर उन्होंने सीएमओ और संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर जल्द भुगतान की मांग उठाई है।
स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि दिसंबर 2025 में चले पोलियो राउंड के दौरान शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजपुर प्रथम और द्वितीय के स्टाफ की ड्यूटी अभियान में लगाई गई थी। कर्मचारियों ने घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने और अभियान से जुड़े अन्य कार्यों को पूरा किया, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ। उनका कहना है कि इससे आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं। कर्मचारियों का कहना है कि अब एक बार फिर 28 जून से पोलियो अभियान शुरू होने जा रहा है, ऐसे में पुराने भुगतान लंबित रहने से असंतोष का माहौल है। उनका कहना है कि विभाग को पहले पुराने बकाये का निस्तारण करना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि दिसंबर 2025 के पोलियो अभियान की समाप्ति के बाद बजट संबंधित इकाइयों को पोर्टल के माध्यम से आवंटित किया जा चुका है। भुगतान की प्रक्रिया संबंधित पोलियो प्रभारी और एनयूएचएम अनुभाग स्तर से की जानी है। सीएमओ डॉ. सचिन वैश्य ने कहा कि यदि किसी कर्मचारी का भुगतान लंबित है तो उसकी जानकारी लेकर जल्द भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा।
-