जीडीए की टीम ने निवाड़ी रोड पर तोड़ा अवैध निर्माण। स्रोत जीडीए
मोदीनगर। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की टीम ने मोदीनगर के निवाड़ी रोड स्थित डीजे डेंटल कॉलेज के समीप बिना मानचित्र स्वीकृत कराए लगभग बीस बीघा में अवैध तरीके से विकसित की जा रही कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण किया। ध्वस्तीकरण से कोलोनाइजरों में हड़कंप मच गया।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अतुल वत्स के आदेश पर जोन-दो में बुधवार को ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। जीडीए के जोन-दो के प्रभारी ने बताया कि मोदीनगर के निवाड़ी रोड पर गांव याकूतपुर मवी स्थित डीजे डेंटल कॉलेज के बराबर में ईशू नेहरा पुत्र रविंद्र नेहरा, कृष्णापाल व यशवीर उर्फ बाबू पुत्र प्रेमचंद और सुखपाल पुत्र ताराचंद के द्वारा खसरा संख्या-35 पर लगभग 17000 वर्ग मीटर में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी।
कोलोनाइजर कार्यालय बनाकर सड़कों का निर्माण और चहारदीवारी आदि कर प्लॉटिंग कर रहे थे। जीडीए की टीम ने यहां अवैध रूप से विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में सड़क, चहारदीवारी और कोलोनाइजरों का कार्यालय ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। कोलोनाइजरों ने ध्वस्तीकरण का विरोध किया मगर पुलिस की सख्ती के सामने उनकी एक न चली और जीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई पूरी की। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे कोलोनाइजरों में हड़कंप मचा हुआ है। जोन प्रभारी का कहना है कि ध्वस्तीकरण का अभियान लगातार जारी रहेगा।