गाजियाबाद। विकास प्राधिकरण ने कई जगहों पर अवैध निर्माण पर कार्रवाई की। जोन-चार के महरौली, सिद्धार्थ विहार समेत अन्य इलाकों में जीडीए का बुलडोजर चला। साथ ही इन मामलों में आगे भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने बताया कि अवैध निर्माण करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है और इसमें डूब क्षेत्र भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को दीपक त्यागी की जमीन पर अभिषेक गर्ग अवैध प्लॉटिंग कर रहे थे। उन्होंने गलत तरीके से एनएच-9 से जोड़ते हुए एक सड़क तक का निर्माण किया और सीवर लाइन डालने की तैयारी चल रही थी। बिना मंजूरी के हो रहे कार्य पर उन्हें नवंबर 2025 में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन जवाब नहीं मिला तो अवैध निर्माण तोड़ा दिया गया। प्रताप विहार में जीडीए के बनाए भवन में अंकुर शर्मा के सेटबैक को प्रभावित करने के मामले में कार्रवाई करते हुए भवन के बढ़ाए गए हिस्से को गिराया। इसके अलावा सिद्धार्थ विहार डूब क्षेत्र में बन रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की गई। यहां कुछ लोगों ने प्लॉट काटने के बाद बाउंड्री वॉल समेत अन्य कार्य किए थे। कार्रवाई के बीच कुछ लोगों ने विरोध किया लेकिन वहां मौजूद पुलिस ने उन्हें रोका।