गाजियाबाद। मोदीनगर के गांव गदाना और औरंगाबाद में बुधवार को अवैध कॉलोनियों पर जीडीए का बुलडोजर चला। जीडीए की टीम ने 49 हजार वर्ग मीटर में बनीं तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। करीब पांच घंटे तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चली।
जीडीए के अपर सचिव पीके सिंह ने बताया कि मोदीनगर के विद्यापुर शफीयाबाद में गंदे नाले के किनारे खसरा नंबर 224 में लगभग 9000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल, हापुड़ रोड गदाना में खसरा संख्या 527 में लगभग 10000 वर्ग मीटर, औरंगाबाद में खसरा संख्या 396 में लगभग 30000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल चहारदीवारी, सडकों के निर्माण के लिए मिट्टी डाले जाने का काम किया जा रहा था। इन निर्माणों का मानचित्र स्वीकृत नहीं पाया गया। स्वामित्व अभिलेख नहीं दिखाए गए। ध्वस्तीकरण के साथ ही चालानी कार्रवाई की जा रही है। अपर सचिव ने बताया कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।