जीडीए की बोर्ड बैठक बृहस्पतिवार को लखनऊ में होगी। बैठक में 21 प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। बैठक की तैयारी कर जीडीए के अधिकारी बुधवार को ही लखनऊ पहुंच गए हैं। बोर्ड से मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में 281 एकड़ जमीन का बढ़ा मुआवजा देने के प्रस्ताव पर भी मंजूरी ली जाएगी।
जीडीए की इस बैठक में पुलिस सिटी सहकारी आवास समिति लिमिटेड की शाहपुर-बम्हेटा स्थित जमीन का लैंड यूज कृषि से आवासी के रूप में परिवर्तन करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इसके अलावा सूर्य नगर आवासीय योजना, रामपुरी कालोनी और राजनगर आवासीय योजना के तलपट मानचित्र में आंशिक संशोधन के प्रस्तावों पर भी मंथन होगा।
कविनगर के आई व जी-ब्लाक के बीच ओपन स्पेस में 1200 वर्ग मीटर जमीन विद्युत सब-स्टेशन के लिए देने का प्रस्ताव भी बोर्ड मीटिंग के एजेंडे में शामिल है। एनडीआरएफ की 8वीं बटालियन पर ब्याज की धनराशि को माफ करने, अटौर में खेल मैदान विकसित किए जाने,
यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस को एक साल के लिए क्रेन उपलब्ध कराने, राजेंद्र नगर सेक्टर-5 स्थित साईं वाटिका पार्क में बने सामुदायिक केंद्र को राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय के लिए देने और कई कर्मचारियों के मेडिकल बिल पास किए जाने के कई प्रस्तावों पर भी बैठक में चर्चा होगी।