गाजियाबाद। नंदग्राम में मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोरों ने ऐसे वक्त घटना को अंजाम जब परिवार रिश्तेदारी में गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नंदग्राम निवासी निशा गर्ग ने बताया कि 24 अगस्त को उनके परिजन रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर पर ताला लगा था। जब वह घर वापस आए तो ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा था। जांच करने पर पता चला कि बैग, सूटकेस चोरी हो चुके थे। इनमें 68 हजार की नकदी और सोने-चांदी के गहने रखे हुए थे। परिवार ने पूर्व परिचितों पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। एसीपी जियाउद्दीन ने बताया कि जांच कराई जा रही है। पहचान कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
रंगेहाथ चोर को दबोचा
प्रताप विहार में सड़क किनारे खड़ी कार में चोरी करने वाले चोर को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। उसको पुलिस को सौंपा गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। वैशाली सेक्टर पांच निवासी दीपक शर्मा ने बताया कि वह 28 अगस्त को अपनी ससुराल आए हुए थे। वह गढवाली पार्क के पास कार खड़ी करके अंदर चले गए। 29 अगस्त को जब वह कार के पास आए तो देखा कि एक व्यक्ति उनकी कार का पहिया खोल रहा है। उसको पकड़ लिया। उसी के पास से बैक सीट, म्यूजिक सिस्टम, जैक, बैटरी व टूल बरामद हुआ है। उसने शीशा तोड़कर सामान को चोरी किया। कार में रखे 15 हजार रुपये भी उससे मिले। इस बारे में एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।