मसूरी। एक व्यक्ति ने शोरूम से कम कीमत पर नई कार दिलाने का झांसा देकर 50 लाख रुपये ठगने की शिकायत की है। पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस आयुक्त के आदेश पर वेव सिटी थाने में छह आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि गौतमबुद्धनगर के हरोला गांव निवासी महेश चंद के मुताबिक आरोपियों ने डेरिंग डाटा ट्यूक्स प्रा. लि. नाम से फर्जी कंपनी बनाई थी। कंपनी का पता कौशांबी (गाजियाबाद) दर्शाया गया था। आरोपियों ने कंपनी का प्रचार-प्रसार कर लोगों को शोरूम कीमत से तीन लाख रुपये तक सस्ती स्कॉर्पियो दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए कार निर्माता कंपनियों के फर्जी समझौते भी दिखाए गए।
पीड़ित ने तीन स्कॉर्पियो-एन कार बुक कराने के लिए 50 लाख रुपये देने पर सहमति जताई। तीन जून को डासना में आरोपियों को 20 लाख रुपये नकद और 30 लाख रुपये का चेक दिया गया। आरोपियों ने 20 दिन में वाहनों की डिलीवरी का आश्वासन दिया था, लेकिन समय बीतने पर वे टालमटोल करने लगे। बाद में अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए। छानबीन करने पर पीड़ित को पता चला कि कंपनी फर्जी है और गिरोह इसी तरह लोगों से ठगी कर रहा है।
आरोप है कि दो अगस्त को पीड़ित अपने परिचित के साथ डासना स्थित पते पर पहुंचा और रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी
महेश चंद की तहरीर पर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद स्थित बल्लभगढ़ निवासी अरबाज खान, उसकी पत्नी गुलफशां व हारून अरबाज, गाजियाबाद के डासना, वेव सिटी निवासी आसिफ, हापुड़ के सिंभावली, राजपुर निवासी रिजवान और बुलंदशहर के ढकोली निवासी इब्राहिम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पुलिस आयुक्त को दी गई शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।