साहिबाबाद। न्यू करेहड़ा में नवविवाहिता मंजू कसाना की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में परिजनों ने अब उसकी दोनों ननदों की गिरफ्तारी की मांग की है। बुधवार को मंजू के चचेरे भाई राजेश कसाना ने एसीपी साहिबाबाद से मुलाकात कर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोपी पति के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दोष सिद्ध होने पर उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए।
राजेश कसाना ने दोनों ननदों आंचल और नेहा को भी गिरफ्तार करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और मामले में उचित कार्रवाई की मांग रखेंगे।
परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम न्यू करेहड़ा में 23 वर्षीय मंजू का शव ससुराल में कमरे की खिड़की से बंधी रस्सी के सहारे संदिग्ध हालात में लटका मिला था। घटना के बाद मायके वालों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया था और आरोपी पति को बुलाने के साथ उसकी गिरफ्तारी की मांग की थी। मंजू की शादी इसी साल 21 फरवरी को बागपत के केवड़ा कमाल गांव निवासी विशाल डेढ़ा से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि पति के किसी दूसरी महिला से संबंध होने के कारण दोनों के बीच विवाद रहता था। मंजू के भाई सुभाष कसाना की शिकायत पर पति विशाल डेढ़ा, ससुर फिरेराम, राजेंद्र सिंह, संजय सिंह, आंचल, नेहा और सृष्टि के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया था। अब इन आरोपियों की तलाश की जा रही है।