साहिबाबाद। टीलामोड़ पुलिस ने लोनी के अंकुर विहार निवासी जतिन गुप्ता, प्रिंस कालरा और रेखा के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई दिल्ली के एमबी रोड स्थित पुष्प विहार निवासी निजी फाइनेंस कंपनी कर्मचारी दिग्विजय सिंह की तहरीर पर आठ जुलाई को की गई है। आरोप है कि तीनों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर कार लोन के लिए आवेदन किया। इसके बाद टीलामोड़ में आवेदक के नाम से फर्जी मोबाइल स्टोर का भौतिक सत्यापन कराने के बाद लोन ले लिया। मामला वर्ष 2025 का है, एंटी फ्रॉड सेल की जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में दिग्विजय सिंह ने बताया कि आरोपियों ने प्रिंस कालरा के नाम से कार लोन के लिए आवेदन किया था। इसके लिए उन्होंने फर्जी आधार कार्ड व पेन कार्ड का इस्तेमाल किया। रेखा नाम की महिला को प्रिंस की मां बताते हुए सह आवेदक भी बनाया गया। इसके बाद जब टीम भौतिक सत्यापन के लिए पहुंची तो आरोपियों ने टीलामोड़ क्षेत्र में कालरा मोबाइल स्टोर के नाम से दुकान का सत्यापन भी कराया। इसके बाद 6.10 लाख रुपये का लोन सात अगस्त 2025 को पास कराया। कंपनी के ऑडिट में जब खामी पकड़ में आई तब जांच शुरू की। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। एंटी फ्रॉड सेल की जांच में आरोपों की पुष्टि हुई है।