इंदिरापुरम। कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली सेक्टर-1 में मकान बेचने के नाम पर 32.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर ग्रेटर नोएडा निवासी ऊषा गुप्ता और उसके दो बेटों प्रशांत व निशांत के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नीति खंड-1 निवासी अंजू गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उन्हें वैशाली में मकान खरीदना था। इसी दौरान उनकी मुलाकात ग्रेटर नोएडा निवासी ऊषा गुप्ता के परिजनों से हुई। ऊषा गुप्ता का वैशाली सेक्टर-1 में एक भवन है। दोनों पक्षों के बीच भवन का सौदा 1.70 करोड़ रुपये में तय हुआ था।
अंजू गुप्ता ने सितंबर 2025 में 32.50 लाख रुपये का भुगतान कर दिया था। तय हुआ था कि शेष रकम का भुगतान भवन संबंधी सभी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद किया जाएगा। पीड़िता के मुताबिक तय समय बीतने के बाद भी ऊषा गुप्ता ने एनओसी नहीं दी। इसी दौरान नवंबर 2025 में उनके पति का देहांत हो गया। पति की मौत से वह सदमे में रहीं। कुछ समय बाद उन्होंने ऊषा गुप्ता से संपर्क कर भवन की औपचारिकताएं पूरी करने और रजिस्ट्री कराने को कहा। रजिस्ट्री न करने पर जब उन्होंने अपने 32.50 लाख रुपये वापस मांगे तो आरोप है कि ऊषा गुप्ता के दो बेटों प्रशांत और निशांत ने उन्हें धमकी देना शुरू कर दिया।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि अंजू गुप्ता की शिकायत के आधार पर ऊषा गुप्ता, प्रशांत और निशांत के खिलाफ कौशांबी थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।