कौशांबी। वैशाली सेक्टर पांच निवासी भारत गुप्ता के खोए हुए डेबिट कार्ड से ठगों ने करीब 1.30 लाख रुपये निकाल लिए। मामला छह जून का है, लेकिन चौकी और थाने पर शिकायत के बावजूद उनका मामला दर्ज नहीं हुआ। उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद पुलिस ने 23 जून की रात प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में भारत गुप्ता ने बताया कि छह जून को उनका डेबिट कार्ड खो गया था। कुछ देर बाद उन्हें बैंक की तरफ से 1,29,800 रुपये कटने का मैसेज मिला तो तुरंत डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया। साथ ही इसकी सूचना कौशांबी थाने पर दी, लेकिन वहां उन्हें अगले दिन आने को कह दिया गया। सात जून को जब वह कौशांबी चौकी पहुंचे, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिकायत की तो उनकी तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि बैंक से रुपये निकालने और जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, इसकी जानकारी मांगी गई है। तथ्यों व जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।