इंदिरापुरम। फेसबुक पर एड देखकर तीन हजार रुपये का पालतू कुत्ता खरीदना एक तेल कंपनी की सीनियर मैनेजर को भारी पड़ गया। ठगों ने मैनेजर से तीन हजार के कुत्ते के बदले 2.26 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने इंदिरापुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इंडियन ऑयल कार्पोरेशन (आईओसी) में सीनियर मैनेजर अंजू शांडिल्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें अपने घर के लिए पालतू कुत्ते की जरूरत थी। इसके लिए पिछले दिनों जब वह ऑनलाइन सर्च कर रहीं थीं तभी उनकी नजर फेसबुक पर कुत्ता बेचने वाले एड पर पड़ी। एड सतीश शॉप के नाम से था।
उन्होंने दिए नंबर पर कॉल कर कुत्ते के बारे में जानकारी ली। महिला को कुछ कुत्तों के फोटो भी भेजे गए। एक कुत्ता पसंद आने पर उसकी कीमत पूछने पर ठग ने तीन हजार रुपये बताए। कुत्ता पसंद आते ही महिला ने ठग के बताए हुए खाते में एक हजार रुपये एडवांस के तौर पर ट्रांसफर कर दिए। ठग ने अगले दिन बचे हुए दो हजार रुपए भी मांग लिए।
मैनेजर का आरोप है कि पैसे देने के बावजूद आरोपी ने उन्हें पैसा न मिलने की शिकायत की। उसने महिला को कुत्ता नहीं भेजा। बाद में तरह-तरह के बहाने बनाकर ठगों ने महिला मैनेजर से रुपये ऐंठने शुरू कर दिए। करीब 2.26 लाख रुपए जालसाजों ने अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने कुत्ता डिलीवरी होने के बाद पैसा भी लौटाने की बात कही।
मैनेजर से जालसाज रुपयों की लगातार मांग कर रहे हैं। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि साइबर सेल मामले की जांच में जुटी है। जिन खातों में पैसे भेजे गए हैं, उनका विवरण जुटाया जा रहा है। इंदिरापुरम थाने में शनिवार को रिपोर्ट दर्ज की गई है।