लोनी। नगर पालिका परिषद के तीन वार्डों में 3.70 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों से वार्ड 9, वार्ड 23 और वार्ड 37 की गलियों में सड़क और नाली निर्माण होगा। शनिवार को लोनी नगर पालिका चेयरमैन रंजीता धामा ने नारियल फोड़कर इंटरलॉकिंग टाइल्स और आरसीसी नालियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
चेयरमैन रंजीता धामा ने बताया कि कुछ समय पूर्व इन कॉलोनियों के लोगों ने उनसे मुलाकात कर विकास कार्य कराने की मांग की थी। इन कार्यों के पूरा होने से वार्ड के लोगों को जर्जर मार्गों और जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
उन्होंने मच्छरों के प्रकोप से बचाव के लिए कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के निर्देश भी दिए। साथ ही बताया कि बेहटा हाजीपुर नहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए एक पोकलेन मशीन खरीदी गई है। इससे नहर की दैनिक सफाई सुनिश्चित होगी और लोगों को गंदगी से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर सभासद कामू, पिंटू, मुकेश पाल, मुनव्वर, इमरान, सचिन चौधरी, अजय शर्मा, पूरन सिंह कश्यप, अरुणा कुमारी, रानी, भारती, सरोज, कुसुम, उमा देवी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।