इंदिरापुरम। गाजियाबाद के शास्त्री नगर स्थित एवरग्रीन फेसिलिटी मैजेंट सर्विस प्रा.लि. सिक्योरिटी कंपनी के कर्मचारी पर 7.44 लाख रुपये गबन का आरोप लगा है। कंपनी संचालक हरबीर सिंह ने वसुंधरा की अरुणिमा पैलेस सोसायटी कार्यालय में तैनात कंपनी कर्मी संजीव कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला एक अप्रैल 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच का है। पुलिस ने 24 अप्रैल की रात मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़ित हरबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि संजीव कुमार सोसायटी कार्यालय में बतौर प्रबंधक कार्यरत रहते हुए लेन देन का पूरा हिसाब वही देखता था। आरोप है कि संजीव ने एक अप्रैल 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक 7.44 लाख रुपये का गबन किया। इस बात की जानकारी कर्मचारियों से मिली तो संजीव से बात की गई लेकिन उसने सही जवाब नहीं दिया और आफिस आना भी बंद कर दिया। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सोसायटी के लेनदेन संबंधी रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।