साहिबाबाद। प्रदूषण में विश्व पटल पर लोनी का नाम आने के बाद से जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड दोनों ही सख्त हो गए हैं। तीन सप्ताह से जहां लोनी में चल रहे अवैध फैक्टरियों को सील किया जा रहा है। वहीं अब लोनी की हवा साफ करने के लिए नगरपालिका को 91 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। इस बजट से एंटी स्मॉग गन और रूट स्कीपिंग मशीन खरीदी जाएंगी। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि सर्वे में स्पष्ट हो चुका है कि उड़ती धूल ही हवा को सबसे अधिक खराब कर रही है। ऐसे में सड़क से धूल मशीन से साफ कराने और सुबह-शाम पानी के छिड़काव के लिए एंटी स्मॉक गन के लिए बजट मिला है। इसके साथ ही नगरपालिका को अपने स्तर से सड़कों की साफ-सफाई केलिए कहा गया है।
लोनी में बनाया जाएगा एक और एक्यूआई मापक स्टेशन
लोनी में पिछले दिनों वेद विहार क्षेत्र में एक्यूआई मापक स्टेशन स्थापित किया गया था। इसके बाद लोनी में एक और नया स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए इलाके का सर्वे शुरू हो गया है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रक अंकित सिंह ने बताया कि लोनी के वायु गुणवत्ता सूचकांक का सही मापन हो सके, इसके लिए यहां एक्यूआई स्टेशन की संख्या बढ़ाई जा रही है। दो स्टेशन बन चुके हैं तीसरा स्टेशन स्थापित करने के लिए सही जगह तलाशी जा रही है, जल्द ही यहां तीसरा एक्यूआई स्टेशन भी शुरू कर दिया जाएगा।
लोनी के कविता विहार में 14 अवैध फैक्टरियां सील
लोनी में हवा को प्रदूषित कर रही अवैध फैक्टरियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के दिशा निर्देश पर मंगलवार को भी प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम ने ढलाई वाली गली कविता विहार में अवैध तौर पर ढलाई का काम करने वाली 14 फैक्टरियों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई। 50 से 100 वर्गगज के प्लॉट पर बनी इन फैक्टरियों में ढलाई का काम किया जा रहा था। बिना किसी एनओसी के काम चल रहा था। ऐसे में सीलिंग की कार्रवाई के साथ ही विद्युत कनेक्शन भी काटा गया।