साहिबाबाद। लिंकरोड थाने की मंडी चौकी पर तैनात एक सिपाही का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसमें सिपाही मंडी में आने वाले ट्रकों के प्रवेश देने के एवज में एक हजार रुपये मांगते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं, चौकी प्रभारी को हिस्सा जाने की बात कहते हुए दिख रहा है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वहीं, एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने मामला डेढ़ वर्ष पुराना और पूर्व में कार्रवाई हो चुकी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर वायरल तीन मिनट के वीडियो में सिपाही एक हजार रुपये मांगते दिखाई दे रहा है। रुपये मांगने के दौरान वह कह रहा है कि यह पैसा चौकी प्रभारी तक जाता है। एक व्यक्ति जनप्रतिनिधि को भी रुपये देने की बात कह रहा है। हालांकि वीडियो में रुपयों का लेनदेन नहीं दिख रहा है। वीडियो साहिबाबाद नवीन सब्जी मंडी के पास नारियल के ट्रकों से वसूली का बताया जा रहा है। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि मामला डेढ़ वर्ष पुराना है। उस समय जांच में रुपयों का लेनदेन होने के साक्ष्य नहीं मिले थे लेकिन सिपाही को मंडी चौकी से हटा दिया गया था। हालांकि वर्तमान में सिपाही के वापस मंडी चौकी पर तैनाती की बात सामने आ रही है। एसीपी बताया कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। पूर्व में हुई जांच का भी आख्या में हवाला दिया गया है। अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।