मुरादनगर पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किए स्क्रैप कारोबारी छह लाख की लूट करने वाले दो बदमाश।
- फोटो : विकास भवन।
मुरादनगर। पाइपलाइन मार्ग पर रविवार तड़के एक स्क्रैप कारोबारी से उनके ही वाहन चालक ने दो अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर छह लाख रुपये लूट लिए। वारदात के महज 10 घंटे के भीतर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दो आरोपी मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद पकड़े गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों से लूटे गए छह लाख रुपये के साथ लैपटॉप, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र के सतवाई निवासी शावेज सैफी स्क्रैप कारोबारी हैं। वह रोजाना स्क्रैप से तैयार माल लेकर पिकअप वाहन से दिल्ली जाते हैं। शनिवार को भी वह माल बेचने दिल्ली गए थे। रविवार तड़के करीब तीन बजे वह दिल्ली से लौट रहे थे। वाहन मेरठ निवासी चालक नितिन यादव चला रहा था, जबकि शावेज सैफी बगल की सीट पर बैठे थे।
कारोबारी का वाहन जैसे ही पाइपलाइन मार्ग स्थित एक निजी स्कूल के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद बदमाशों ने कारोबारी की कनपटी पर तमंचा लगाकर रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर चालक नितिन के सिर पर तमंचे की बट मारकर उसे घायल कर दिया।
करीब 10 मिनट तक हुई मारपीट और धमकी देने के बाद बदमाश छह लाख रुपये व लैपटॉप से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद कारोबारी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि स्वाट टीम और मुरादनगर थाने की तीन टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया गया।
दोपहर करीब एक बजे सूचना मिली कि आरोपी खुरमपुर के जंगल में छिपे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। उनकी पहचान मेरठ के परतापुर स्थित काशी गांव निवासी अर्शलान और लखन कश्यप के रूप में हुई। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी पीड़ित कारोबारी की फैक्टरी में काम करते हैं। अर्शलान और लखन की निशानदेही पर तीसरे आरोपी नितिन को गंगनहर पर रेगुलेटर के पास दबोचा गया। आरोपी वहां लूट की रकम लेने के लिए दोनों साथियों का इंतजार कर रहा था।