साहिबाबाद। जोन तीन में नगर निगम ने कूड़ा उठाने के लिए नई एजेंसी को बेहतर काम कराने के लिए ठेका दिया लेकिन अच्छा होने के बजाय सफाई व्यवस्था चर्मरा गई। चूंकि नई एजेंसी के पास वाहनों की कमी है और इस कारण समय से कूड़ा नहीं उठ पा रहा है। वसुंधरा, इंदिरापुरम, वैशाली सेक्टर-2, 3, 4, साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया इंद्रप्रस्थ कॉलेज समेत अन्य इलाकों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।
सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि कूड़ा उठाने का काम करने वाली एजेंसी के पास 96 गाड़ियां थीं। इससे नियमित रूप से कचरा उठाया जा रहा था। नई एजेंसी के पास अभी केवल 56 गाड़ियां ही हैं। हालांकि वह जल्द ही गाड़ियों की संख्या बढ़ाएगी। गाड़ियों की कमी के कारण ही दिक्कत हो रही है।
इस समस्या को दूर करने के लिए रोटेशन से कूड़ा उठवाना शुरू कराया है। वहीं, सड़क किनारे कूड़े के ढेर से परेशान पूर्व पार्षद व वसुंधरा निवासी अरविंद चौधरी का कहना है कि कई जगहों से दो-दो दिन से कूड़ा नहीं उठा है। कूड़ा न उठने पर लोग शिकायत करते हैं तो गाड़ी भेज दी जाती है।
समाज सेवी सुनील वैद्य ने बताया कि लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि समस्या का जल्द समाधान किया जाए।