सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर में तीन दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव के दूसरे दिन विशेष पूजा-अर्चना हुई। महंत नारायण गिरि और वेद विद्यापीठ के आचार्य और छात्रों सहित मेयर अशु वर्मा ने पूजा-अर्चना की।
इसके बाद दूर्वा सहस्त्रनाम का जाप किया गया। शाम को आठ बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या में मधुबन आर्ट्स ग्रुप ने भजन प्रस्तुत किए। मीडिया प्रभारी एसआर सुथार ने बताया कि बुधवार को सुबह 11 बजे से दूधेश्वरनाथ मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा जस्सीपुरा मोड़, दिल्ली गेट, चौपला मंदिर, डासना गेट, रमते राम रोड, राइटगंज, टाउन हॉल, सिहानी गेट और मीनामल की धर्मशाला से होते हुए गंगनहर मुरादनगर पहुंचेगी। यहां मूर्ति विसर्जन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से विजय मित्तल, लंदन से इंदू चौहान, अनिल अग्रवाल, सीओ प्रथम इंद्रपाल सिंह, आचार्य लक्ष्मीकांत पाढी आदि मौजूद रहे।
गजानना श्री गजानन, सुख समृध्दि के दाता
गणेश महोत्सव समिति का पांच दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन सुबह गणेश पूजा हुई। इसके बाद सुरेंद्र गोयल के सानिध्य में सुंदरकांड का पाठ किया गया। महंत संदीपन शर्मा ने पूजा अर्चना की और उनके साथ महंत पंकज नाथ शर्मा ने सुंदरकांड का पाठ किया।
शाम को महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। गजानना श्री गजानना...गणपति पधारो मेरे द्वार... सुख समृद्धि दाता... आदि भजनों पर भक्तजन झूम उठे। इसके बाद बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
समिति के अध्यक्ष एसएन अग्रवाल सहित सतीश शर्मा, वेदप्रकाश बंसल, अरुण कुमार, रवि गोयल, विनोद गोयल, सुबोध गर्ग, अतुल गर्ग, बेदीराम गुप्ता और प्रदीप गुप्ता मौजूद रहे।
जाम से बचकर चलें
गणपति विसर्जन के चलते बुधवार को जस्सीपुरा मोड़ घंटाघर और हापुड़ रोड पर जाम की स्थित बन सकती है। दूधेश्वरनाथ मंदिर से बुधवार को 11.30 बजे झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी।
यात्रा जस्सीपुरा मोड़, दिल्ली गेट, चोपला मंदिर, डासना गेट, रमते राम रोड, राइटगंज, टाउन हॉल, सिंहानी गेट और मीनामल की धर्मशाला से होते हुए गंगनहर मुरादनगर पहुंचेगी।