विजयनगर के प्रताप विहार में लोगों को प्रतिदिन 10 एमएलडी गंगाजल मुहैया कराने के लिए दो साल पहले 17 करोड़ की परियोजना पर काम शुरू हुआ था। इसके लिए सिद्धार्थ विहार स्थित गंगाजल प्लांट से तीन भूमिगत जलाशयों तक पाइप लाइन डालने का काम पूरा हो गया है। विभाग ने होली तक संबंधित क्षेत्र में गंगाजल आपूर्ति का दावा किया था।
जल निगम के अधिशासी अभियंता ब्रह्मानंद ने बताया कि इसके लिए रविवार को टेस्टिंग के दौरान पाइप लाइन में पानी छोड़ा गया तो कुछ स्थानों पर लीकेज की समस्या आ गई। लाइन को जोड़ा जा रहा है। अभी गंगाजल की आपूर्ति में कम से कम एक सप्ताह लगेगा।
घरों में आ रहा दूषित पानी, आक्रोश
दूसरी तरफ विजयनगर के वार्ड 48 में घरों में दूषित पानी आने से लोगों में आक्रोश पनप गया। शिकायत पर पहुंचे कर्मचारियों को निवासियों ने जमकर खरी-खोटी सुनाई और बिना काम कराए ही लौटा दिया। इसकी जानकारी अधिकारियों को मिली तो वह दोपहर बाद मौके पर पहुंचे। उनकी देखरेख में कर्मचारियों ने काम शुरू किया। स्थानीय निवासी नौशाद ने बताया कि लगभग 10 दिनों से घरों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है।