टीएचए-नोएडा में सोमवार से गंगाजल की किल्लत दूर हो जाएगी। अतिरिक्त पानी छोड़े जाने से गंगनहर का जल स्तर बढ़ गया है। इसके बाद रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे प्रताप विहार गंगाजल प्लांट को पूरा पानी मिलने लगा है।
रविवार रात से प्लांट के दोनों पंप चलाकर नोएडा-टीएचए को गंगाजल दिया जाएगा। टीएचए की कालोनियों में इसकी आपूर्ति सोमवार सुबह से शुरू हो जाएगी। एक महीने के क्लोजर के बाद गंगनहर 9 नवंबर को चालू होने के बाद 12 नवंबर से टीएचए की कालोनियों को गंगाजल मिलना शुरू हुआ था।
गंगनहर में देहरा झाल के पास लीकेज होने की वजह से फिर पानी रोक दिया गया था। गंगनहर को आधी से भी कम क्षमता पर चलाया जा रहा था। इसकी वजह से प्रताप विहार के दोनों गंगाजल प्लांट को भी पूरा पानी नहीं मिल पा रहा था।
टीएचए और नोएडा में गंगाजल संकट फिर से शुरू हो गया था। सिंचाई विभाग ने नहर की मेंटेनेंस के बाद रविवार को फिर अतिरिक्त पानी छोड़ दिया। गंगाजल प्लांट प्रभारी आरके अग्रवाल ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे मसूरी झाल पर पानी की मात्रा बढ़ गई थी।
इससे तकरीबन ढाई-तीन घंटे बाद गंगाजल प्लांट को पूरा पानी मिलना शुरू हो गया। इसे शोधित कर रात में ही नोएडा और टीएचए में सप्लाई शुरू कर दी गई। इसे कालोनियों में सप्लाई करने का काम नगर निगम को करना है। वहीं निगम अधिकारियों का कहना है कि रात को टंकियों में गंगाजल स्टोर करने के बाद सोमवार को कालोनियों में पूरी सप्लाई शुरू की जाएगी।