प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां रविवार को प्रताप विहार स्थित जल निगम के नवनिर्मित गंगाजल प्लांट का लोकार्पण करेंगे। इसको लेकर जल निगम और नगर निगम चार दिन से तैयारियों में जुटे थे, शनिवार को तैयारियां पूरी कर ली गईं।
जल निगम ने जहां प्लांट की साफ-सफाई और मेंटेनेंस कराकर तैयारी की वही नगर निगम ने प्लांट के आसपास फैले कचरे को हटा कर समारोह के लिए जगह बनाई।100 क्यूसेक क्षमता के इस गंगाजल प्लांट से नोएडा, इंदिरापुरम और आवास विकास परिषद की सिद्धार्थ विहार कालोनी को सप्लाई की जानी है।
नोएडा और इंदिरापुरम को 2015 में ही इस प्लांट से सप्लाई देनी शुरू कर दी गई थी। सिद्धार्थ विहार में सप्लाई अभी शुरू नहीं हुई है। जुलाई 2010 में इस प्लांट का निर्माण शुरू किया गया था और 211 करोड़ की लागत से इसका निर्माण किया गया है।
नोएडा और टीएचए में पानी की किल्लत को देखते हुए दिसंबर 2015 में इसे बिना उद्घाटन के ही चालू कर दिया गया था। अब नगर विकास मंत्री आजम खां इसका विधिवत लोकार्पण करेंगे। गंगाजल प्लांट प्रभारी आरके अग्रवाल ने बताया कि नगर विकास मंत्री दोपहर दो बजे गंगाजल प्लांट पर पहुंचेंगे। प्लांट का लोकार्पण कर वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।