इंदिरापुरम। शक्तिखंड चार स्थित 100 फुटा रोड पर गंगाजल की पाइपलाइन लीकेज होने से सड़क पर पानी भर गया है। यह पेयजल था जो लोगों के घरों में सप्लाई होना था लेकिन समय से लीक लाइन को ठीक नहीं किया गया। 15 हजार से अधिक लोग इस वजह से परेशान है। शुक्रवार को जलकल कर्मियों ने मरम्मत का कार्य शुरू किया है लेकिन आपूर्ति अभी भी शुरू नहीं हो सकी।
स्थानीय निवासी आरके खंडेलवाल ने बताया कि हर्षा सिटी मॉल के पास गंगाजल की पाइपलाइन में रिसाव के कारण सड़क पर जमा हो गया। दो दिन पहले समस्या शुरू हुई थी इससे पेयजल की दिक्कत बनी हुई है। जलकल विभाग से भी शिकायत की गई लेकिन कर्मचारी मरम्मत करने नहीं आए। पेयजल की समस्या से जब लोगों को परेशानी हुई तो काफी संख्या में अधिकारियों से शिकायत की गई।
वहीं, अवर अभियंता मयंक मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को ही पाइपलाइन से रिसाव की सूचना मिली थी। पेयजल पाइपलाइन पुरानी है। इस वजह से रिसाव हो रहा है। पाइप लाइन की मरम्मत कराई जा रही है। जल्द ही आपूर्ति शुरू हो जाएगी।