डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए करीब 150 महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा यातायात और पार्किंग व्यवस्था भी बनाई जा रही है, जिससे घाट क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पीएसी फ्लड कंपनी के गोताखोर भी मौके पर मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। हर वर्ष गंगा दशहरा पर गंग नहर घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं।
एसडीएम अजीत कुमार ने बताया कि गंग नहर घाट पर साफ-सफाई के साथ मोबाइल टॉयलेट, चेंजिंग रूम और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो । प्रशासन के अनुसार इस बार भी 10 से 15 हजार श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, साहिबाबाद, लोनी, मोदीनगर और गुरुग्राम सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए मुरादनगर पहुंचते हैं।