साइबर ठग विजयनगर, वेव सिटी, लोनी और इंदिरापुरम क्षेत्र के होटलों और किराये के कमरे लेकर देशभर में साइबर ठगी का जाल फैला रहे हैं। इसका खुलासा साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने किया। विजयनगर थाना क्षेत्र से किराये का कमरा लेकर साइबर ठगी करने वाले सुमित जिंदल को गिरफ्तार किया है। एसीपी अपराध अम्बुज सिंह यादव के मुताबिक इस गिरोह ने नीतिखंड इंदिरापुरम निवासी कारोबारी अंकित जैन से क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में कमाई का झांसा देकर 1.82 लाख रुपये की ठगी की। पीड़ित ने शनिवार को ही साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। साइबर टीम ने जांच पड़ताल की तो आरोपी की लोकेशन विजयनगर में मिली। पकड़े गए सुमित जिंदल ने बताया कि वह अपने अन्य दो साथियों के साथ साइबर ठगी करता है। गिरोह फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल प्लेटफार्म पर भ्रामक विज्ञापन से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। इस गिरोह ने आंध्रप्रदेश के गुन्टूर की राधिका रेड्डी से 59 लाख रुपये, कर्नाटका के उत्तर कानंदा निवासी मोहम्मद वेयज के साथ 87.50 लाख रुपये कानपुर देहात क्षेत्र के रमाबाई नगर निवासी जितेंद्र पाठक से 17.30 लाख, आगरा के संदीप मल्होत्रा के चार लाख रुपये दिल्ली के अंकुर तिवारी से 8.32 लाख रुपये की साइबर ठगी की। इसके साथ ही गौतमबुद्धनगर निवासी अशोक अग्रवाल के साथ 3.26 करोड़ रुपये की घटनाओं सहित कुल सात वारदातों में छह करोड़ 84 लाख 80 हजार 962 रुपये की साइबर ठगी की है।
ऐसे की कारोबारी से 1.82 लाख की ठगी
एसीपी अपराध अम्बुज कुमार यादव ने बताया कि अंकित रस्तोगी के मुताबिक फेसबुक पर सामने आए विज्ञापन पर क्रिप्टो ट्रेडिंग के बारे में देखा। विज्ञापन पर दिए गए नंबर पर कॉल की तो किरन मेहता नाम की एक युवती से बातचीत शुरू हुई। युवती ने उन्हें क्रिप्टो शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर 20 से 30 प्रतिशत मुनाफा कमाने का झांसा दिया। साइबर ठगों ने पहले कारोबारी का कॉइनेक्स-वीआईपी2डॉटकॉम एप पर अकाउंट बनाया और लिंक बनाकर उनके मोबाइल पर भेज दिया, जो क्लिक करते ही मोबाइल में डाउनलोड हो गया। पीड़ित क्रिप्टो ट्रेडिंग निवेश एप पर 15 अलग-अलग बैंक खातों में भेजे। उनके डी-मैट एकाउंट में मुनाफा भी दर्शाया गया। पीड़ित ने एक करोड़ 82 लाख 68 हजार 90 रुपये साइबर ठगों के झांसे में आकर निवेश कर दिए। जब उन्होंने खाते से धनराशि निकालने का प्रयास किया तो असफल रहे। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने 19 जुलाई 2025 को साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।