साहिबाबाद। दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई वर्षों से सक्रिय मोबाइल चोरी और छिनैती करने वाले गिरोह का साहिबाबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना पुलिस ने 24 जुलाई की देर रात चेकिंग के दौरान महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने अब तक पांच हजार से अधिक मोबाइल फोन चोरी और छीनकर बेचने की बात कबूली है। पुलिस ने मौके से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि मई और जून माह में हुई मोबाइल फोन छिनैती की वारदातों की जांच की जा रही थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों के सुराग मिले थे। शुक्रवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लोहिया पार्क गेट के पास चेकिंग शुरू की। इस दौरान पुलिस ने लोनी सरस्वती विहार निवासी शाजिया, गौरव, हाजी कॉलोनी निवासी अशरफ, जावेद और दिल्ली सीमापुरी सनलाइट कॉलोनी निवासी आयुष उर्फ सुहैल को गिरफ्तार किया। सभी के पास से हाल ही में चोरी किए गए पांच मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में महिला आरोपी शाजिया ने बताया कि वह और उसके साथी भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, मेट्रो के अंदर और बाजारों में जेब काटकर मोबाइल फोन चोरी करते थे। वहीं आरोपी जावेद और आयुष बाइक से मोबाइल फोन छिनैती की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने साहिबाबाद और इंदिरापुरम क्षेत्र में चार मोबाइल फोन छिनैती की वारदातें कबूली हैं। उन्होंने बताया कि 11 मई को राजबाग मेट्रो स्टेशन, 8 जून को शनि चौक, 22 जून को इंदिरापुरम अभयखंड और 26 जून को नीतिखंड से मोबाइल फोन छीने थे। सभी के पास से एक-एक चोरी का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
दो लोग करते थे बिक्री में मदद
पुलिस पूछताछ में शाजिया ने बताया कि गिरोह के अलावा दो अन्य लोग भी हैं जो चोरी और छिनैती के बाद मोबाइल फोन को छिपाकर रखने और बेचने में मदद करते थे। इनमें लोनी निवासी अकरम और दिल्ली करावल नगर का राहुल शामिल है। आरोपी वारदात के बाद सबसे पहले सिमकार्ड निकालकर तोड़ देते थे। चोरी किए गए फोन को महज 5 से 7 दिन के अंदर राहगीरों को सस्ते दामों पर बेच दिया जाता था।
प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना का कहना है कि पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और मोबाइल फोन चोरी व छिनैती की कई वारदातों का खुलासा हुआ है। गिरोह की मदद करने वाले दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है, जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।