सुल्लामल रामलीला कमेटी में सोमवार को गणेश शोभायात्रा के साथ रामलीला का मंचन शुरू हो गया। सोमवार को ठाकुरद्वारा मंदिर से गणेश शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा से पहले ठाकुरद्वारा मंदिर में रामलीला कमेटी के प्रधान अजय बंसल, महामंत्री मनोज गोयल ने गणपति की पूजा की और श्रीराम पताका दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।
शोभायात्रा ठाकुरद्वारा मंदिर से शुरू होकर दिल्ली गेट, चौपला मंदिर, डासना गेट बाजार, रमतेराम रोड, नयागंज, घंटाघर, बजरिया से होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। वहां रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी स्वरूपों की आरती उतारी और 11 किलो लड्डू का भोग लगाया गया।
शोभायात्रा में बैंड बाजे सहित 20 से अधिक झांकियां शामिल रहीं। इस मौके पर मुख्य रूप से उस्ताद अशोक गोयल, मिथिलेश गुप्ता, शिवओम बंसल, प्रदीप मित्तल, अनिल चौधरी, सुनील कुमार और प्रचार मंत्री राकेश गोयल मौजूद रहे। इस दौरान शहर में लोगों को जाम से भी जूझना पड़ा।
कविनगर रामलीला का आज से होगा शुभारंभ
कविनगर रामलीला का मंगलवार से शुभारंभ होगा। गणेश शोभायात्रा से रामलीला का शुभारंभ किया जाएगा, जो शास्त्रीनगर से निकलेगी। महामंत्री भूपेंद्र चोपड़ा ने बताया कि 28 सितंबर को माता की चौकी शाम 7.30 बजे से शुरू होगी, जिसमें लखविंदर सिंह लक्खा भजन प्रस्तुत करेंगे।