भोजपुर गांव के प्राथमिक और पूर्व प्राथमिक विद्यालयों के छात्रों ने शुक्रवार को मिड-डे मील खाने से इंकार कर दिया। छात्रों का आरोप है कि खाने से दुर्गंध आ रही थी और उसकी गुणवत्ता भी ठीक नहीं थी।
गांव भोजपुर स्थित प्राथमिक और पूर्व प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को मिड डे मिल के तहत छात्रों को चावल परोसा गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि परोसे गए चावल हलवे की तरह घुटे हुए थे और उसमें से बदबू आ रही थी। सूचना पर गांव प्रधान आयशा ने स्कूल पहुंचकर भोजन की जांच की तो उन्होंने भी छात्रों की शिकायत को सही पाया।
उधर, दोनों विद्यालयों की प्रधानाध्यापक शारदा और सुचेता ने बताया कि शुक्रवार को परोसे गए भोजन की क्वालिटी ठीक नहीं थी, चावल पूरी तरह से खिले हुए नहीं थे वह अधिक घुटे हुए थे।
प्रधान आयशा का कहना है कि वह इस संबंध में जिलाधिकारी से शिकायत करेंगी। सहायक बेसिक शिक्षाधिकारी किरन यादव का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।