गाजियाबाद। टिंडर एप के जरिये अनजान शख्स से नजदीकी बढ़ाकर बात करना लोहियानगर की युवती को महंगा पड़ गया। शख्स ने खुद को एनएसए में अधिकारी बताकर शादी का झांसा दिया और 24.33 लाख की चपत लगा दी। जब युवती ने और पैसा देने से मना किया तो उसने संपर्क तोड़ दिया। परेशान होकर मामले में युवती ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
युवती ने साइबर थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि जुलाई 2024 को उन्होंने टिंडर एप डाउनलोड किया था। उसी जरिये उनके संपर्क में एक अनजान शख्स आ गया। उसने खुद को एनएसए में डाटा विश्लेषक बताया। उसने दावा किया कि उसके पिता आर्मी मेें उच्च पद पर कार्यरत हैं। धीरे धीरे दोनों में बातचीत होने लगी। उसने कहा है कि वह अकेला है और वह उनसे शादी करना चाहता है। अधिकारी होने की वजह से वह भी शादी करने के लिए राजी हो गईं। इसके बाद दोनों में रोजाना लंबी बातचीत होने लगी। एक दिन शख्स ने कहा कि एक जांच की वजह से उनका खाता फ्रीज कर दिया गया है।
इसकी वजह से वह पैसा नहीं निकाल पा रहे हैं। इसलिए उनको कुछ पैसे की मदद चाहिए। उसकी बात को सच मानकर उन्होंने 1300 रुपये दे दिए। एक दिन उसने कहा कि उसने पिता बीमार हो गए हैं। उनकी बीमारी के लिए उनको पैसा चाहिए, तो उन्होंने दोबारा भी उनको 50 हजार की रकम दे दी। आरोपी ने फिर कहा कि उसको पिता को हार्ट की समस्या हुई है, इसलिए उनको और पैसे की जरूरत है। ऐसा करके आरोपी ने उनसे 50 से ज्यादा बार मेें 24.33 लाख रुपये ले लिए। इसके बावजूद वह लगातार पैसे की मांग कर रहा था। बार बार वह जल्द खाता चालू होने का दावा करता रहा। इससे उनका संदेह गहरा गया। उन्होंने जब आरोपी से उसका पता पूछा और सवाल किए तो उसने संपर्क तोड़ दिया। इसके बाद उनको अपने साथ हुई ठगी का पता चला। मामले में उन्हाेंने साइबर थाने में शिकायत दी। इस बारे में एडीसीपी सच्चिदानंद ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस तरह के एप से किसी से भी नजदीकी बनाकर लेनदेन करने में सावधानी बरतने की जरूरत है।
मोबाइल हैक करके क्रेडिट कार्ड से निकाले आठ लाख :
शिप्रा सनसिटी निवासी सूर्यकांत कर्णपाल ने बताया कि उनके पास अज्ञात नंबर से कॉल आई। बात करने वाले ने कहा कि वह पीएनबी का क्रेडिट कार्ड बनाते हैं। उसकी बातों में आकर उन्होंने बात आगे बढ़ा दी। आरोपी से वीडियो कॉल पर बात होने लगी। इसी दौरान उसने आधार कार्ड से लेकर तमाम जानकारी भी शेयर कर दी। आरोपी ने इसी बीच उनका मोबाइल हैक कर लिया और उनके दो क्रेडिट कार्ड से आठ लाख रुपये की खरीदारी कर ली। इस मामले में उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।