गाजियाबाद। राजनगर निवासी सीमा भसीन से एक ही परिवार के चार सदस्यों ने जमीन बेचने का झांसा देकर एक करोड़ दो हजार रुपये ले लिए। आरोपियों ने कुछ दिन बाद जमीन किसी अन्य को बेच दी। राजनगर निवासी पीड़िता सीमा भसीन ने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी अभिषेक त्यागी, कुणाल त्यागी, दिव्या त्यागी और सोनू निवासी सिहानी नंदग्राम ने 46.50 लाख रुपये वापस कर दिए, जबकि बकाया 53.52 लाख रुपये वापस करने से इन्कार कर दिया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
राजनगर निवासी सीमा भसीन के मुताबिक बीते साल चार मार्च को उनके घर सिहानी निवासी अभिषेक त्यागी, कुणाल त्यागी, दिव्या त्यागी और सोनू आए थे। इन्होंने नूरनगर सिहानी नंदग्राम में अपनी 1650 वर्ग गज जमीन बताई। जिसका सौदा 2.80 करोड़ रुपये में तय हुआ। जमीन का सौदा कर 100 रुपये के स्टांप पेपर पर नोटरी भी कराई गई। समझौते में एक जुलाई को दोनों पक्षों के बीच रजिस्ट्री होना तय हुआ। उन्होंने एनईएफटी और चेक के जरिए आरोपियों को एक करोड़ दो हजार रुपये का भुगतान किया। रजिस्ट्री के दिन बाद तक आरोपी तहसील में नहीं पहुंचे। बाद में उन्हें जानकारी हुई कि आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति को रजिस्ट्री कर दी है। जब उन्होंने अपने रुपये वापस लेने का दबाव बनाया तो उन्हें 46.50 लाख रुपये वापस कर दिए गए। 53.52 लाख रुपये अभी भी बकाया है।
जब उन्होंने बकाया राशि की मांग की तो अभिषेक त्यागी और कुणाल त्यागी ने उनके साथ अभद्रता करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता सीमा भसीन की तहरीर पर कविनगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी से संपत्ति हड़पने की धारा 318(4), आपराधिक विश्वासघात की धारा 316(2), शांति भंग की धारा 352 और धमकी देने की धारा 351(3) में मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।