गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित मैसर्स जिंदल प्रोमोटर्स प्रा. लि. के निदेशक जयपाल सिंह ने जयपुरिया बिल्डटैक प्रा. लि. कंपनी के दंपत्ती निदेशकों के खिलाफ पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। 13 हजार 700 वर्ग गर्ज जमीन का सौदा करके 12 साल बाद भी जमीन का बैनामा न करना और रुपये वापस न करने का आरोप लगाकर नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन स्थित पाम रिसोर्ट में मैसर्स जिंदल प्रोमोटर्स प्रा. लि. का कार्यालय है। कंपनी के निर्देश जयपाल सिंह के अनुसार उन्होंने वर्ष 2013 में सद्दीक नगर स्थित 13 हजार 700 वर्ग मीटर जमीन का सौदा जयपुरिया बिल्डटैक प्रा. लि. कंपनी के निदेशक अशोक गोयल और वंदना गोयल से किया था। बतौर पेशगी पांच करोड़ रुपये बैंक से अशोक और वंदना के खाते में ट्रांसफर किए गए। बताया कि वर्षों बाद भी जब जमीन का बैनामा नहीं कराया तो निदेशक जयपाल सिंह ने अशोक गोयल और वंदना गोयल से अपने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि उन्हें पांच करोड़ रुपये के तीन बैंक चेक दिए गए। उन्होंने खाते में चेक लगाया तो वह बाउंस हो गया। इसकी शिकायत उन्होंने अशोक और वंदना से की। आरोप है कि दंपती ने जमीन का बैनामा कराने से इन्कार कर दिया है, साथ ही रुपये लौटाने से भी इन्कार कर जान से मारने की धमकी दी। एसीपी ने बताया कि पीड़ित जयपाल की तहरीर पर बीएनएस के तहत आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420, आपराधिक विश्वासघात की धारा 406 और धमकी देने की धारा 506 मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।