गाजियाबाद। विजयनगर सेक्टर-12 निवासी महिला ने परिवार के ही दंपती पर बेटों की पढ़ाई की बात कहकर 44.50 लाख रुपये हड़पने, वापस मांगने पर मारपीट करने, गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस आयुक्त से मामले की शिकायत की और फिर पुलिस आयुक्त के आदेश पर विजयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
एसीपी रितेश त्रिपाठी ने बताया कि विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-12 में निवासी महिला ने परिवार के ही दंपती व उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। महिला के अनुसार आरोपी दंपती ने बेटों की पढ़ाई के नाम पर वर्ष 2012 में उनसे 44.50 लाख रुपये लिए थे लेकिन उक्त रकम से उन्होंने प्लाट खरीद लिया। इस बात की जानकारी होने पर जब पीड़िता ने अपने पैसे मांगें तो आरोपियों ने कहा कि जल्द ही वह प्लाट बेचने के बाद पैसे दे देंगे। महिला ने पुलिस को बताया कि हाल ही में जब उन्होंने आरोपी दंपती से कहा कि अब उनके बच्चे बड़े हो गए हैं और उन्हें पैसे की काफी जरूरत है तो आरोपियों ने 27 अगस्त 2025 को शाम करीब छह बजे घर में घुसकर गाली गलौज करते हुए मारपीट की।
आरोपियों ने पैसों का तकादा करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। एसीपी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद