खोड़ा। 15 करोड़ रुपये का लोन दिलाने के नाम पर खोड़ा में रहने वाले उद्योगपति के साथ ठगों ने 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ खोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खोड़ा में रहने वाले रामवीर यादव ने बताया कि उन्हें रुपयों की जरूरत थी। वह बैंक से लोन लेने की कोशिश कर रहे थे। 2023 अगस्त में तपन और मुनीश के माध्यम से वह रोशन के संपर्क में आए थे। लोन के लिए उन्हें चित्रदुर्ग बुलाया गया। यहां उनकी मुलाकात चंद्रशेखर समेत अन्य लोगों से हुई। चंद्रशेखर ने खुद को वहां एक राजनेता का रिश्तेदार बताया और कुछ ही दिन में लोन पास कराने की जानकारी दी। इसके बाद वह बातकर लौटे तो उन्हें कॉल कर बताया कि उनका लोन पास हो गया।
प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 30 लाख रुपये मांगे तो उन्होंने विश्वास कर रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन में ही पीड़ित के खाते में रुपये आने का आश्वासन दिया था लेकिन, खाते में रुपये नहीं आए। जब उन्होंने जानकारी की तो उन्हें ठगी के बारे में पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की शिकायत की। उन्होंने बताया कि आरोपी पूर्व में महाराष्ट्र में भी इसी प्रकार की ठगी कर चुके हैं। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र सिंह ने बताया कि एंटी फ्रॉड सेल की जांच के बाद इस मामले में कर्नाटक के रहने वाले रोशन सलधाना, पीपी गड़े, चंद्रशेखर, एमपी के रहने वाले तपन और मुनीश पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।