इंदरापुरम। न्यायखंड एक में लगा सीवर पंप हटाने से गली और सोसायटी में सीवर का पानी रास्ते में भर गया है। सीवर उफनाने से कॉलोनी में 12 हजार लोगों को दिक्कत हो रही है। गंदा पानी सड़क पर भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। सीवर का पानी भरने आसपास बदबू फैल रही है। इससे लोगों को बीमारी फैलने का डर सता रहा है।
इंदिरापुरम में लोगों को सीवर उफनाने से निजात नहीं मिल रही है। न्याय खंड एक निवासी संगीता ने बताया कि जीडीए के कर्मचारियों ने कॉलोनी की सीवर लाइन से प्रेशर पंप हटा दिया है। इसके कारण सीवर उफना रहा है। कॉलोनी की सड़कों पर सीवर का पानी भरने से लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। सड़क के गड्ढे में सीवर का पानी भरने से दो पहिया वाहन चालक अधिक परेशान हैं। सीवर उफनाने से कॉलोनी में बदबू फैल रही है।
सुपरटेक आईकॉन सोसायटी में लंबे समय से सीवर का पानी उफनाकर पार्किंग और रास्ते में भर गया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने बताया कि शिकायत करके परेशान हो गए हैं। जीडीए से लेकर पार्षद तक कोई कुछ नहीं करते हैं। कई बार सीवर की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया गया है। सोसायटी में सीवर के पानी से मच्छर अधिक हो गए हैं। लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि बीमारी का डर सता रहा है। बदबू और गंदगी के कारण लोग घर से बाहर खुली हवा में खड़े भी नहीं हो पा रहे हैं।
-सड़क पर भरा सीवर का पानी-
वैशाली सेक्टर एक में पिछले नौ दिन से सीवर उफनाने की समस्या बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम व जीडीए में शिकायत के बाद भी सीवरलाइन की सफाई नहीं कराई जा रही है। वैशाली निवासी श्याम चौहान ने बनाता कि सीवर का पानी मेन गेट के सामने भर जाता है। इससे घर के अंदर आने-जाने में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पंप खराब होने के कारण से हटा दिए गए हैं। शिकायत मिली है। कर्मचारियों को भेजकर सीवर लाइन की जल्द साफ कराई जाएगी। - आलोक रंजन, अधिशासी अभियंता, जीडीए।