हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी मोहम्मद इकबाल ने तीन लोगों पर फर्जी जज व कोतवाल बनकर जेल भिजवाने की धमकी देकर कुवैत में रह रहे उनके रेडियोलाेजिस्ट पुत्र से तीन माह के अंतराल में 5.30 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। आरोपियों में उनके पुत्र के बचपन का एक दोस्त भी शामिल है। पुलिस ने उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी एफआईआर, तीन गैर जमानतीय वारंट की कॉपी, तीन मोबाइल फोन, बाइक व नकदी बरामद की है।
मोहम्मद इकबाल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र आतिफ कुवैत में रेडियोलाेजिस्ट की नौकरी करता है। आतिफ के साथ उसके बचपन के दोस्त मौअज्जम निवासी मोहल्ला पीरबाउद्दीन का काफी उठना बैठना था। मौअज्जम ने उनके पुत्र आतिफ की मुलाकात अपने दोस्त मोहम्मद साद सिद्दीकी निवासी ईदगाह रोड से कराई थी। इसके बाद मोअज्जम ने साद के लिए उनके पुत्र से कुछ रुपये की मांग की। 20 नवंबर 2025 को उनके पुत्र ने साद को 13 हजार रुपये उधार दे दिए। रुपये मांगने पर साद उनके पुत्र को आजकल कहकर टालता रहा। आरोप है कि छह दिसंबर को रुपये का इंतजाम न होने पर साद ने उनके पुत्र को झूठ मुकदमे फंसाने की धमकी देकर रकम वसूलता रहा। आरोपियों ने दबाव बनाकर उनके पुत्र से तीन माह के अंतराल में 5.30 लाख रुपये हड़प लिए। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय व उनकी टीम ने मोहम्मद साद सिद्दीकी, मोहम्मद आतिफ व मोअज्जम को चितौली रोड से गिरफ्तार किया है।