गाजियाबाद। राजनगर निवासी एक व्यक्ति को साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर करीब 19 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने कम रकम का मुनाफा अधिक देकर विश्वास जीता। इसके बाद बार-बार अधिक धनराशि लगवाते रहे। मुनाफा मांगने पर ठगों ने संपर्क ही तोड़ लिया। एडीसीपी साइबर क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि मामले में साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सभी खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है।
राजनगर एक्सटेंशन निवासी विनय ने साइबर थाने में दी शिकायत में बताया कि ठगों से उनका संपर्क व्हाट्सएप के माध्यम से हुआ था। इसके बाद अलग-अलग लोगों ने शेयर ट्रेडिंग का खुद को विशेषज्ञ बताकर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का खाता खुलवाने की सलाह दी। इसके बाद सबसे पहले 50 हजार रुपये निवेश के नाम पर लिए। लाभ के रूप में वापस 55 हजार रुपये खाते में भेज दिए। इस पीड़ित को भरोसा होता गया। इसके बाद बार-बार मुनाफे का लालच देकर 18.90 लाख रुपये निवेश के नाम पर ले लिए। बताया कि मुनाफे की अधिक धनराशि खाते में प्रदर्शित हो रही थी। निकालने का प्रयास किया तो निकल नहीं सके। आरोपियों से पूछा तो उन्होंने धनराशि निकालने के लिए विभिन्न शुल्क अदा करने की मांग की। इसके बाद संपर्क तोड़ दिया। पीड़ित को कोई जवाब न मिलने पर ठगी का एहसास हुआ।