लोनी। आठ फीसदी रिटर्न का झांसा देकर साढ़े तीन करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में भाजपा नेता और दंपती समेत छह लोगों पर धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले की शिकायत लोनी पुलिस से की गई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की जांच करते हुए दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है।
दिल्ली शाहदरा छज्जूपुर निवासी योगेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जनवरी 2023 में वह अपने भाई गौरव के साथ लोनी निवासी सुरेंद्र कसाना से मिलने आए थे। सुरेंद्र अपने को कई निवेश कंपनियों का पार्टनर बता रहा था। उसने अपनी पत्नी प्रीति और दोस्त अकबर से भी मिलवाया था। उन्हें मीटिंग, सेमिनार और कार्यक्रमों में बुलाकर निवेश के लिए प्रेरित करते थे। दंपती ने उन्हें भी निवेश कर प्रतिमाह पांच से आठ फीसदी रिटर्न का भरोसा दिया। उन्होंने दंपती के कहने पर कुछ रुपये का निवेश कर दिया तो कुछ समय तक उनको प्रतिमाह रिटर्न मिलता रहा। इसके बाद दंपती ने उनसे और लोगों व रिश्तेदारों के रुपये निवेश करने के लिए कहां। इस पर उन्होंने अपने परिचितों, रिश्तेदारों और साथियों को योजना से जोड़कर करीब 75 लाख रुपये का निवेश किया। यह रुपये नकद और विभिन्न बैंक खातों से ट्रांसफर किए गए। समय बीतने के साथ उन समेत रिश्तेदारों, मित्रों और अन्य निवेशकों ने भी करीब तीन से साढ़े तीन करोड़ रुपये का निवेश किया। आरोप है कि कुछ माह तक लाभ का भुगतान करने के बाद आरोपियों ने रकम लौटाना बंद कर दिया। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देने लगे। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर सुरेंद्र कसाना, प्रीति, लवीश चौधरी, अलीमुद्दीन अंसारी, नफीस अली और अकबर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।