गाजियाबाद। नोएडा से सटे क्रॉसिंग रिपब्लिक में आग से बचाव के साधन नहीं हैं। अजनारा जैनएक्स सोसायटी की 20वीं मंजिल पर लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सोसायटी की हौज और पाइप लाइन में पानी नहीं था। मात्र स्प्रिंगलर ही चालू थे, लेकिन पानी न होने से इनका भी कोई लाभ नहीं है। क्रॉसिंग रिपब्लिक की चार सोसायटी में आग से बचाव के संसाधन न होने पर सीएफओ राहुल पाल ने वाद दायर कराए हैं।
सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि अजनारा जैनएक्स की 20वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में आग लगने की सूचना पर जब टीम मौके पर पहुंची तो सोसायटी के हौज में पानी नहीं था। पाइप लाइन भी सूखी थी और स्प्रिंगलर सूखे पड़े थे। ऐसे में टीम को 20वीं मंजिल तक सीढ़ियों से पाइप पहुंचाना पड़ा।
प्रेशर कम होने के कारण घटनास्थल पर पानी काफी देरी से पहुंचा। बताया कि गत दिनों अजनारा जैनएक्स सोसायटी सहित क्रॉसिंग रिपब्लिक में स्थित कई सोसायटी का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में अजनारा जैनएक्स सहित चार अन्य में आग बुझाने के यंत्र और सुविधा नहीं मिली। नोटिस के बाद भी कार्य पूर्ण न कराए जाने पर चारों सोसायटियों के खिलाफ परिवाद दायर करा दिया गया है। क्रॉसिंग रिपब्लिक में करीब पांच लाख लोग निवास करते हैं। स्थानीय लोगों की मांग पर यहां फायर स्टेशन के निर्माण के लिए कई बार मुख्यालय का पत्र भेजा है। हालांकि अभी मंजूरी नहीं मिली है।