चार दिन पूर्व नाहल गांव में दो पक्षों में हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में चौकी इंचार्ज ने दोनों पक्षों के सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसीपी मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि नाहल गांव में 16 जुलाई की शाम मोहल्ला कलेक्ट्रान में दो पक्षों में गाली-गलौज व मारपीट के बाद जान से मारने की नियत से एक दूसरे पर फायरिंग की गई। घटना का एफआईआर चौकी इंचार्ज अरुण कुमार ने आयान, हबीबुल्ला व हबीबुर्रहमान पुत्रगण गुलहसन तथा द्वितीय पक्ष से साजिम, शाका, गुलवेज निवासी नाहल गांव मसूरी के खिलाफ दर्ज कराई है। पुलिस ने शनिवार को घटना के वांछित आरोपी प्रथम पक्ष के आयान, हबीबुर्रहमान तथा द्वितीय पक्ष के साजिम व अजीम निवासीगण नाहल मसूरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।