गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में मंगलवार रात रोडरेज को लेकर हुए विवाद ने गोलियां चलाने की घटना में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पुलिस अभी तक वारदात में प्रयुक्त रायफल की बरामदगी नहीं कर सकी है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि ढबाना गांव में रहने वाले सुमित चौधरी ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 24 मार्च की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आए कार सवारों ने उनसे गाड़ी पीछे करने को कहा, जबकि साइड में पर्याप्त जगह मौजूद थी। आरोप है कि जब उन्होंने कार नहीं हटाई तो स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग नीचे उतर आए और उनकी कार का दरवाजा खोलकर धमकी देने लगे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। तीसरी गोली चलाने के दौरान उन्होंने पेड़ के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। एसपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर दीपक और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। इसी क्रम में पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान करते हुए दीपक, सचिन, योगेंद्र और अंकित को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों से असलाह बरामद कर लिया जाएगा।