इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर-5 स्थित क्लिनिक की पूर्व रिसेप्शनिस्ट पर संचालिका ने पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी के परिजनों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले का जांच कर रही है।
ऑलिव काउंटी में वंदना जैन परिवार के साथ रहती हैं। उन्होंने बताया कि वह चिकित्सक हैं। वसुंधरा सेक्टर-6 स्थित रिलायबल सिटी सेंटर में कंप्लीट वूमेन हेल्थ केयर के नाम से उनका क्लीनिक है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2021 में अर्थला निवासी युवती को उन्होंने क्लिनिक पर रिसेप्शनिस्ट व कैशियर के रूप में रखा था। चार जुलाई 2024 को उन्हें बैंक के लेनदेन में कुछ विसंगतियों के बारे में पता चला। जांच करने पर पता चला कि उक्त युवती ने उनके यहां आने वाले मरीजों से फीस के रूप में ली जाने वाली रकम अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कराई।
जुलाई 2022 से अब तक युवती के खाते में लगभग पांच लाख रुपये मरीजों से आए हुए दिखाई दिए। उन्होंने आंशका जताई है कि धोखाधड़ी की यह रकम और भी ज्यादा हो सकती है, क्योंकि काफी मरीज नकद में भी पेमेंट करते हैं। इस पूरे मामले को लेकर जब उन्होंने आरोपी युवती के परिवार वालों से शिकायत की तो उन्होंने इन सब बातों को स्वीकार ही नहीं किया। इतना ही नहीं अधिकारियों से शिकायत करने पर उन्हें उपरोक्त लोगों की तरफ से धमकी भी दी गई है। एसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।