साहिबाबाद। इंदिरापुरम और वसुंधरा में सड़क निर्माण कार्य स्थानीय लोगों के लिए परेशानी बन गया है। निवासियों का आरोप है कि निर्माण के दौरान कई स्थानों पर फुटपाथ तोड़ दिए गए। इससे पैदल चलने वालों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
न्यायखंड में निर्माण कार्य के दौरान कई जगह फुटपाथ समाप्त कर दिया गया है। जहां ट्रांसफार्मर रखे गए हैं, वहां बैरिकेडिंग के बाद भी सड़क की ओर नाली बना दी गई। इससे फुटपाथ तो खत्म हुआ ही, सड़क भी संकरी हो गई। पहले जहां दो वाहन आसानी से निकल जाते थे, अब वहां यातायात प्रभावित हो रहा है। व्यस्त समय में लंबी कतारें लग रही हैं और जाम की समस्या बढ़ गई है।
कई जगह नाले को सड़क की ओर मोड़कर बनाने से भी सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। सड़क की उपयोगी चौड़ाई घटने से हालात बिगड़ रहे हैं। सड़क निर्माण का उद्देश्य यातायात व्यवस्था सुधारना था, लेकिन फुटपाथ खत्म होने और सड़क संकरी होने से स्थिति उलट हो गई है।
वैशाली सेक्टर-5 में भी सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माण के दौरान सड़क किनारे बना फुटपाथ तोड़ दिया गया है। इसके बाद से लोगों को सड़क पर चलना पड़ रहा है।
इस मामले में नगर निगम निर्माण विभाग के अवर अभियंता संजय गंगवार ने बताया कि पहले चरण का काम पूरा हो गया है। जल्द ही सीएम ग्रिड योजना में फुटपाथ बनाया जाएगा।