वसुंधरा। सेक्टर-15 स्थित राहुल डेयरी से शिखर एनक्लेव जाने वाले मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के चलते फुटपाथ अब शेष ही नहीं बचा है। सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट वेंडरों ने टीन शेड और अन्य स्थायी ढांचे खड़े कर दुकानें बना ली हैं। इससे राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ रहा है और हादसे का खतरा बना हुआ है।
अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन, शिखर एनक्लेव ने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर मार्ग से अतिक्रमण हटाने और तत्काल सफाई कराने की मांग की है। एसोसिएशन के कार्यकारी सचिव बीसी लोहानी ने बताया कि अतिक्रमण के कारण वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
एसोसिएशन का आरोप है कि दुकानों के पीछे बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा है। बारिश के बाद जलभराव होने से मच्छरों का प्रकोप और दुर्गंध बढ़ गई है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसोसिएशन ने नगर निगम से मार्ग का निरीक्षण कर अवैध टीन शेड हटाने, वेंडिंग प्रमाण-पत्रों की जांच करने तथा क्षेत्र में सफाई और फॉगिंग कराने की मांग की है।
मामले पर जोनल प्रभारी, वसुंधरा राजेश गुप्ता ने बताया कि मामले को संज्ञान में ले लिया गया है, जल्द ही अतिक्रमण हटाने का काम किया जाएगा।