उत्तर प्रदेश के नूंह जिले में नकली दूध बनाने का धंधा काफी समय से चल रहा है। सूचना मिलने पर फूड सेफ्टी विभाग टीम ने दीपक चौधरी व एनडी शर्मा की अगुवाई में रविवार रात को पुन्हाना खंड के गांव हथनगांव में एक दूध डेयरी पर छापा मारकर 10 सैंपल लिए हैं, जिनको जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा।
रात के समय छापेमारी से इलाके में दूध विक्रेताओं में खलबली मच गई। कई डेयरी संचालक डेयरी बंद करके गायब हो गए। फूड सेफ्टी विभाग के इंस्पेक्टर दीपक चौधरी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली की पुन्हाना खंड के गांव हथनगांव में डेयरी पर मिलावटी दूध बनाया जाता है।
सूचना के आधार पर फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने डेयरी पर अचानक छापा मारकर 10 सैंपल लिए हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। जांच में अगर मिलावट पाई गई तो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।